अमित शाह ने दिखाई गुजरात में शुरू हुई, भारत की पहली LNG संचालित ट्रेन को हरी झंडी
भारत की पहली LNG संचालित ट्रेन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन से भारत की पहली द्रवीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। यह कदम रेल परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल और अधिक किफायती बनाने के भारत सरकार के व्यापक प्रयासों का एक हिस्सा है। इस नई ट्रेन तकनीक से ईंधन की लागत में कमी आने के साथ-साथ कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और पार्टिकुलेट मैटर (PM) उत्सर्जन में भी गिरावट आएगी।
सरकार ने साबरमती इंटीग्रेटेड कोचिंग डिपो में 1,400 हॉर्सपावर वाली 2 ड्राइविंग पावर कारों को दोहरे ईंधन सिस्टम में बदल दिया है। ये सिस्टम अब डीजल और LNG दोनों पर चलते हैं, जिससे LNG ने डीजल की खपत के 40 प्रतिशत कर दिया। इसकेसाथ ही अमित शाह ने इस पहल के महत्व पर जोर देते हुए उल्लेख किया कि भारतीय रेलवे ने साल 2015-16 में 293 करोड़ लीटर डीजल की खपत की थी। यह संख्या 2024-25 में घटकर 108 करोड़ लीटर रह गई।
तो वहीं सरकार का लक्ष्य 2030 तक इसे शून्य पर लाना है, जिससे भारत की विदेशी मुद्रा की बचत होगी। उन्होंने रेलवे नेटवर्क के तेजी से हो रहे विद्युतीकरण पर भी प्रकाश डाला, जिसके तहत 99.6 प्रतिशत नेटवर्क का पहले ही विद्युतीकरण हो चुका है।
नवीनतम बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के एक हिस्से के रूप में अहमदाबाद मंडल को स्वदेशी रूप से विकसित 'कवच' स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली भी मिलेगी। इसे लगभग 411 करोड़ रुपये की लागत से 404 किलोमीटर के रेलवे नेटवर्क पर स्थापित किया जाएगा। यह प्रणाली ट्रेनों की आपसी टक्कर को रोकने और ओवरस्पीडिंग से बचाकर रेलवे सुरक्षा को बढ़ाने के लिए डिजाइन की गई है, जिससे मानवीय भूल के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
Comments

