1857 की क्रांति के महान महानायक शहीद राव राजा तुलाराम की 163वीं पुण्यतिथि
महानायक राव राजा तुलाराम जी की 163वीं पुण्यतिथि
1857 की क्रांति के महानायक राव राजा तुलाराम जी की 163वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जाफरपुर कला स्थित राव तुलाराम अस्पताल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राव तुलाराम स्मारक समिति द्वारा आयोजित किया गया। हर वर्ष उनकी जयंती और शहीदी दिवस के अवसर पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने विधि-विधान के साथ हवन-पूजन किया और इसके बाद राव राजा तुलाराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राव तुलाराम ने 1857 के विद्रोह में रेवाड़ी क्षेत्र का नेतृत्व किया था और ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष किया था।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने राव राजा तुलाराम के संघर्ष और उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। वहां मौजूद कुछ वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ कई मोर्चों पर संघर्ष किया और 1857 के विद्रोह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही वक्ताओं ने राव तुलाराम के जीवन और संघर्ष की गाथा को इतिहास और पाठ्यक्रम में सही स्थान न देने पर नाराजगी जताई और इसे अधिक प्रमुखता से शामिल किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि आने वाली युवा पीढ़ी उनके योगदान से परिचित हो सके। और अपने इतिहास पर गौरान्वित महसूस कर सके।
Comments

